• Chhattisgarh
  • कचरे के ढेर में मिले छत्तीसगढ़ महतारी और पूर्व जनप्रतिनिधियों के तैलचित्र, कांग्रेस में आक्रोश, 24 घंटे में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की दी चेतावनी

कचरे के ढेर में मिले छत्तीसगढ़ महतारी और पूर्व जनप्रतिनिधियों के तैलचित्र, कांग्रेस में आक्रोश, 24 घंटे में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की दी चेतावनी

1 day ago
35

लोरमी। मुंगेली जिले के लोरमी नगर पालिका क्षेत्र में छत्तीसगढ़ महतारी और पूर्व जनप्रतिनिधियों के तैलचित्र कथित तौर पर कचरे के ढेर में फेंके जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना सामने आने के बाद स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने इसे राजनीतिक विद्वेष से जुड़ी हरकत बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

यह मामला लोरमी थाना क्षेत्र का है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपते हुए अज्ञात असामाजिक तत्वों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अज्ञात लोगों ने राजनीतिक दुर्भावना के चलते छत्तीसगढ़ महतारी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व मंत्री अनिला भेड़िया के गरिमामयी तैलचित्रों को कचरे के ढेर में फेंक दिया। कांग्रेस का कहना है कि घटना की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्रवासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक भावनाएं आहत हुई हैं।

कांग्रेस ने पुलिस से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ उचित धाराओं में तत्काल एफआईआर दर्ज कर उनकी पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। पार्टी का आरोप है कि इस तरह की हरकत समाज में वैमनस्य और तनाव का माहौल पैदा करने की कोशिश है।

इधर, मामले को लेकर लोरमी थाना पुलिस ने शिकायत को संज्ञान में ले लिया है। थाना प्रभारी अखिलेश वैष्णव ने बताया कि पुलिस को लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी कार्यकर्ता क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर लोरमी थाने का घेराव करेंगे और चक्काजाम सहित उग्र आंदोलन करेंगे। कांग्रेस ने कहा कि ऐसी स्थिति में कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन और पुलिस की होगी।

Social Share

Advertisement