• Chhattisgarh
  • CG Weather Update : छत्तीसगढ़ में मानसून की चाल सुस्त, तापमान के साथ तेज हो गई गर्मी

CG Weather Update : छत्तीसगढ़ में मानसून की चाल सुस्त, तापमान के साथ तेज हो गई गर्मी

15 hours ago
35

रायपुर. छत्तीसगढ़ के मध्य इलाकों में फिर से गर्मी बढ़ रही है, जबकि सरगुजा और बस्तर संभाग में बारिश हो रही है. राजधानी रायपुर में रविवार को पानी नहीं गिरा. भारी गर्मी और उमस के कारण दिनभर लोग परेशान हो रहे हैं. मौसम विभाग ने आज यानी 13 जुलाई से बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना जताई है. साथ ही अगले 5 दिनों तक उत्तरी छत्तीसगढ़ में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम वर्षा जारी रह सकती है.

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम ?

रायपुर शहर में 13 जुलाई को आकाश सामान्यतः मेघमय रहने तथा गरज चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है. अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने के आसार हैं.

मौसम सारांश

मौसम विभाग ने जानकारी दी कि प्रदेश के कुछ स्थानों पर रविवार को हल्की से मध्यम बारिश हुई. इस दौरान पेंड्रा रोड में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

सिनोप्टिक सिस्टम

मौसम विभाग के अनुसार समुद्र तल पर मानसून द्रोणिका अब श्रीगंगानगर, हिसार, मेरठ, शाहजहांपुर, गोरखपुर, मुजफ्फरपुर और वहां से दक्षिण-पूर्व की ओर दक्षिण असम तक जा रही है. उत्तर-पूर्व बिहार और उसके आस-पास के इलाकों में समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. इनके प्रभाव से प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है. वहीं एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है. प्रदेश में दो दिनों बाद कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है.

 

Social Share

Advertisement