- Home
- Chhattisgarh
- रेत में दफन मिली युवती की लाश की हुई शिनाख्ती : बर्थडे के दिन हुई थी लापता, शार्ट पीएम में हुए कई चौकाने वाले खुलासे, दुष्कर्म की आशंका
रेत में दफन मिली युवती की लाश की हुई शिनाख्ती : बर्थडे के दिन हुई थी लापता, शार्ट पीएम में हुए कई चौकाने वाले खुलासे, दुष्कर्म की आशंका

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत झारा में सोमवार को गांव से कुछ दूरी पर स्थित एक नाले के रेत में दफन एक युवती की लाश मिली। शव की शिनाख्त के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी, जिसके बाद उसकी पहचान 18 वर्षीय भारती टंडन, पिता श्यामलाल टंडन के रूप में हुई। शार्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट और जांघ पर खरोंच के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की पुष्टि हुई है। इसके अलावा दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है। युवती के आंतरिक अंगों के नमूने फॉरेंसिक जांच के लिए रायपुर भेजे जा रहे हैं। पुलिस ने युवती से मेलजोल रखने वाले कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

नाले के किनारे रेत में दबी मिली थी युवती की लाश
जानकारी के अनुसार, महासमुंद जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत झारा में सोमवार यानी 22 तारीख की दोपहर करीब 2:30 बजे गांव के कुछ लोग नाले की ओर गए थे, जहां बदबू आने और रेत से बाहर निकले शरीर के कुछ हिस्से को देखकर लोग डर गए। युवती के पैर के पंजे का हिस्सा जीव-जंतु खा गए थे, जबकि निचला हिस्सा बिना कपड़ों के था। नीचे पहनी हुई लेगिंग कुछ दूरी पर पड़ी मिली। यह सब देखकर ग्रामीणों ने लाश मिलने की सूचना खल्लारी पुलिस को दी।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
सूचना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों से शिनाख्त कराने पर मृतका की पहचान भारती टंडन के रूप में हुई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। शाम होने और शव के डिकंपोज होने के कारण उसी दिन पोस्टमार्टम नहीं हो सका। बाद में शव को महासमुंद मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल भेजा गया, जहां मंगलवार को पोस्टमार्टम किया गया।
शार्ट पीएम में चौकाने वाला खुलासा, सिर की हड्डी टूटी, जांघ में गहरे खरोंच के निशान
शर्ट पोस्टमार्टम में डॉक्टर को युवती के सिर पर 6 इंच लंबा घाव किसी धारदार हथियार से किया जाना पाया गया है। घाव इतना गहरा था कि युवती की सिर की हड्डी टूटी हुई पाई गई है। युवती की जांघ में गहरे खरोंच के निशान मिले हैं। अंदेशा जताया जा रहा है कि हत्या से पहले युवती से रेप किया गया है, इसके चलते युवती के इंटर्नल पार्ट का भी सैंपल लिया गया है।
जन्मदिन के दिन हुई थी लापता
परिजनों के मुताबिक युवती का जन्मदिन 19 जून को था। उसी दिन वह 18 वर्ष की हुई थी। बताया जाता है कि उसका एक युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। ठीक उसी रात यानी 19-20 जून की दरमियानी रात करीब 3 बजे वह घर से गायब हो गई थी। संभावना जताई जा रही है कि जन्मदिन होने के कारण वह छिपकर उस रात उसी युवक से मिलने गई होगी। अगले दिन यानी 20 जून को परिजनों ने परिचितों के यहां उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई पता नहीं चला। थक-हारकर परिजनों ने खल्लारी थाने में उसकी मिसिंग रिपोर्ट दर्ज कराई और 22 जून को नाले की रेत में दफन उसकी लाश मिली। बताया जा रहा है कि युवती 11वीं पास कर इसी साल 12वीं में प्रवेश लेने वाली थी।
युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही पुलिस
तीन बहन और एक भाई में से मृतिका सबसे बड़ी थी। फिलहाल पुलिस ने इस हत्या से जुड़े मामले की जांच शुरू कर दी है और जिस युवक से भारती का प्रेम-प्रसंग था, उस युवक सहित अन्य युवकों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही युवकों के मोबाइल फोन भी खंगाले जा रहे हैं।