ताजा खबरें
  • Chhattisgarh
  • वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री मोहसिना किदवई का निधन, इंदिरा और राजीव सरकार में थी मंत्री, छत्तीसगढ़ से दो बार चुनी गईं राज्यसभा सदस्य

वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री मोहसिना किदवई का निधन, इंदिरा और राजीव सरकार में थी मंत्री, छत्तीसगढ़ से दो बार चुनी गईं राज्यसभा सदस्य

2 months ago
102

नोएडा. मेरठ से तीन बार सांसद रहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री मोहसिना किदवई का बुधवार को निधन हो गया है. उन्‍होंने 93 साल की उम्र में सुबह चार बजे अस्‍पताल में अंतिम सांस ली. बताया जा रहा है कि वे लंबे समय से बीमार चल रही थीं. जानकारी के मुताबिक उनकी अंतिम यात्रा बुधवार दोपहर 3 बजे नोएडा के सेक्‍टर 40 स्थित आवास से निकलेगी. दिल्‍ली के निजामुद्दीन कब्रिस्‍तान में शाम पांच बजे उनको सुपुर्दे खाक किया जाएगा.

बता दें कि किदवई इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की सरकारों में केंद्रीय मंत्री रही हैं. उन्होंने स्‍वास्‍थ्‍य, शहरी विकास, पर्यटन और नागरिक उड्डयन जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालय संभाले हैं. मोहसिना किदवई का जन्म 1 जनवरी, 1932 को बाराबंकी में हुआ था. वे दो बार छत्‍तीसगढ़ से राज्‍यसभा सदस्‍य भी चुनी गईं. वह 1978 उपचुनाव, 1980 और 1984 में मेरठ से सांसद चुनी गईं. इसके बाद 2004 से 2010 और 2010 से 2016 तक राज्‍यसभा की सदस्‍य रहीं.

किदवई के निधन पर पार्टी नेताओं और सहयोगियों ने शोक व्यक्त किया है. नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली सांसद राहुल गांधी ने मोहसिना किदवई के निधन पर दुख जताया है. उन्होंने कहा कि ‘पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व सांसद मोहसिना किदवई के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है. वे कांग्रेस पार्टी की एक अत्यंत वरिष्ठ और वफादार नेता थीं, जिनका पूरा जीवन जनसेवा का उदाहरण रहा है. अपनी सादगी, सौम्यता और गरिमापूर्ण राजनीतिक सफलता से उन्होंने देश की महिलाओं की कई पीढ़ियों को प्रेरित किया. इस दुख की घड़ी में मैं शोकाकुल परिजनों और समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं’.

Social Share

Advertisement