ताजा खबरें
  • Chhattisgarh
  • सदन में दिव्यांगजनों की पदोन्नति में आरक्षण के सवाल पर मंत्री राजवाड़े का हैरान करने वाला जवाब, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बोले- होली का नशा उतरा नहीं, दिख रहा है असर…

सदन में दिव्यांगजनों की पदोन्नति में आरक्षण के सवाल पर मंत्री राजवाड़े का हैरान करने वाला जवाब, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बोले- होली का नशा उतरा नहीं, दिख रहा है असर…

10 hours ago
33

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में सोमवार को प्रश्नकाल के दौरान दिव्यांगजनों की पदोन्नति में आरक्षण के सवाल पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के जवाब से हैरान हो गया. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तंज कसते हुए कहा कि ये क्या जवाब है कि कोई अधिकारी पद्दोन्नति नहीं चाह रहा है? होली का नशा उतरा नहीं है, उसी का असर दिख रहा है.

विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायक प्रमोद मिंज ने दिव्यांगजनों को पद्दोन्नति में आरक्षण का मुद्दा उठाया. जवाब में महिला और बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि दिव्यांगजनों के लिए पद्दोन्नति में तीन प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है, लेकिन अभी एक भी पद्दोन्नति नहीं हुई.

प्रमोद मिंज ने कहा कि केंद्र सरकार का 4 प्रतिशत पद्दोन्नति का नियम है, सुप्रीम कोर्ट ने भी 4 प्रतिशत पद्दोन्नति के निर्देश दिए हैं. लेकिन इस दिशा में भी प्रदेश सरकार ने अबतक कार्रवाई नहीं की है. विभाग की ओर से कहा गया है कि पद्दोन्नति के लिए आवेदन नहीं आये, जबकि ये सही नहीं है. कब पद्दोन्नति से भर्ती होगी ये समयसीमा बताएं?

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा केंद्र ने राज्यों को भी अधिकार दिए है, छत्तीसगढ़ सरकार ने इसी के तहत व्यवस्था की है 3 प्रतिशत की. कोई पद्दोन्नति नहीं लेना चाह रहे हैं, एक आवेदन आया था, फिर उन्होंने वापस ले लिया. इस पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि ये क्या जवाब है कि कोई अधिकारी पद्दोन्नति नहीं चाह रहा है? होली का नशा उतरा नहीं है, उसी का असर दिख रहा है.

प्रश्नकाल के दौरान विधायक चैतराम अटामी ने दंतेवाड़ा में कुपोषण रोकथाम का मुद्दा उठाया. मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने बताया कि 5203 बच्चों को कुपोषण की श्रेणी में चिन्हांकित किया गया है. विधायक ने कहा कि सहायता राशि समय पर क्यों नहीं मिल पा रहा है? मंत्री कहा कि समय समय पर प्रदेश भर में आहार प्रदान किया जाता है. इस पर विधायक ने दंतेवाड़ा में कोई विशेष कदम उठाए जाने पर सवाल किया, जिस पर लक्ष्मी रजवाड़े ने कहा कि दंतेवाड़ा में टीकाकरण, जांच किया जा रहा है.

Social Share

Advertisement