ताजा खबरें
  • Chhattisgarh
  • खरीदी केंद्र में रखी धान की बोरियों में डाला जा रहा था पानी, कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन कर रहे किसान, जांच के लिए पहुंची प्रशासन की टीम…

खरीदी केंद्र में रखी धान की बोरियों में डाला जा रहा था पानी, कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन कर रहे किसान, जांच के लिए पहुंची प्रशासन की टीम…

21 hours ago
46

अभनपुर। अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के भलेरा सहकारी समिति में धान की बोरियों में पानी डालने का मामला तूल पकड़ लिया है. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल के साथ लल्लूराम डॉट काम में खबर प्रकाशित होने के बाद आज प्रशासन की टीम जांच के लिए खरीदी केंद्र पहुंची है. वहीं दूसरी ओर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए किसान केंद्र में प्रदर्शन कर रहे हैं.

बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने खरीदी केंद्र में पहुंचकर कर्मचारियों को रंगे हाथ धान की बोरियों में पानी डालते हुए पकड़ा था. ग्रामीणों का आरोप था कि धान का वजन बढ़ाने के लिए बोरियों में पानी डाला जा रहा था, जिससे किसानों के साथ-साथ शासन को भी आर्थिक नुकसान पहुंच सकता है.

खरीदी केंद्र में कर्मचारियों की इस कारगुजारी की खबर लल्लूराम डॉट कॉम में प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने संज्ञान लिया है, जिसके बाद जांच टीम का गठन कर भलेरा भेजा गया है.

इस बीच कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य यशवंत साहू सहित बड़ी संख्या में किसान आज सहकारी समिति में पहुंचकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए धरने पर बैठ गए. आक्रोशित ग्रामीणों का कहना है कि अगर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे.

मामले में आरंग एसडीएम ने बताया कि सहकारिता विभाग की टीम को जांच के लिए भलेरा भेज दिया गया है. जांच उपरांत दोषियों पर एफआईआर दर्ज करवाने की कार्रवाई की जाएगी.

Social Share

Advertisement