- Home
- Chhattisgarh
- धान खरीदी पर विधानसभा में हंगामा… नेता-प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने उठाए सवाल
धान खरीदी पर विधानसभा में हंगामा… नेता-प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने उठाए सवाल

रायपुर / छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन शून्यकाल में धान खरीदी को लेकर सदन में जोरदार हंगामा देखने को मिला। विपक्ष ने सरकार की नीति को किसान विरोधी बताते हुए स्थगन प्रस्ताव लाया, जिसे सभापति ने अग्राह्य कर दिया। इसके बाद कांग्रेस विधायकों ने नारेबाजी करते हुए गर्भगृह में पहुंचकर विरोध दर्ज कराया और स्वमेव निलंबित हो गए।

नेता-प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि धान खरीदी नीति पूरी तरह विफल रही है और किसानों को शुरुआत से ही संदेह की नजर से देखा गया। उन्होंने कहा कि किसानों का पूरा धान नहीं खरीदा गया और टोकन व्यवस्था के नाम पर उन्हें लगातार परेशान किया गया।
महंत ने दावा किया कि हालात “अंग्रेजों के समय से भी बदतर” हैं और इस गंभीर मुद्दे पर सदन में विस्तृत चर्चा जरूरी है। विपक्ष की मांग पर सभापति द्वारा स्थगन प्रस्ताव अस्वीकार किए जाने के बाद सदन में तीखी नारेबाजी हुई, जिससे कार्यवाही कुछ समय के लिए बाधित रही।