ताजा खबरें
  • breaking
  • News
  • मोदी के सरकार में रहने का 20 वां साल शुरू, देश में किसी चुनी गई सरकार के सबसे बड़े पद पर सबसे ज्यादा दिन काबिज रहने वालों में मोदी 8वें नंबर पर

मोदी के सरकार में रहने का 20 वां साल शुरू, देश में किसी चुनी गई सरकार के सबसे बड़े पद पर सबसे ज्यादा दिन काबिज रहने वालों में मोदी 8वें नंबर पर

5 years ago
394
  • मोदी ने आज ही के दिन 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, फिर 12 साल 227 दिन तक सीएम रहे
  • बतौर प्रधानमंत्री मोदी 6 साल 131 दिन का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं, इस पद सबसे ज्यादा दिन रहने वाले पहले गैर-कांग्रेसी नेता

07 अक्टूबर 2020/  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज एक नई दहलीज पर कदम रख रहे हैं। यह इतिहास है भारतीय राजनीति का। यह मुकाम है दो दशक तक तक सत्ता के सर्वोच्च पद पर काबिज रहने का। यह वही दिन है, जब नरेंद्र दामोदर दास मोदी ने पहली बार कोई सरकारी पद संभाला था। 7 अक्टूबर 2001 यानी आज से ठीक 19 साल पहले मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। तब से लगातार वह देश में किसी न किसी चुनी गई सरकार के मुखिया हैं। पहले गुजरात में अब देश में वही सरकार हैं।

देश में जनता द्वारा चुनी गई सरकार (केंद्र या राज्य या फिर दोनों मिलाकर) में सर्वोच्च पद पर सबसे ज्यादा वक्त तक काबिज रहने वालों में मोदी का नाम 8वें नंबर पर है। पहले नंबर पर सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग हैं। वे 24 साल 165 दिन तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे थे।

दूसरे नंबर पर पश्चिम बंगाल के पूर्व सीएम ज्योति बसु हैं। वह 23 साल, 137 दिन राज्य के मुख्यमंत्री रहे थे। मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री कार्यकाल को मिला दें तो आज 19 साल पूरे हो गए हैं। यानी आज से माेदी सरकार का 20वां साल शुरू हो रहा है। यानी देश की राजनीति में मोदी राज-नीति का दूसरा दशक बीतने को है।

 

मोदी गुजरात के बार सीएम रहे

मोदी गुजरात के चार बार सीएम रहे। पहली दफा उन्होंने केशुभाई पटेल की जगह 7 अक्टूबर 2001 को मुख्यमंत्री पद संभाला था। इसके बाद 22 दिसंबर 2002 तक राज्य के सीएम रहे। इसके बाद 22 मई 2014 तक वे लगातार 12 साल 227 दिन राज्य के मुख्यमंत्री रहे। गुजरात में यह किसी एक मुख्यमंत्री का सबसे लंबा कार्यकाल है। उनसे पहले यह रिकॉर्ड कांग्रेस के माधव सिंह सोलंकी के नाम था, वे करीब 6 साल तक राज्य के सीएम रहे थे।

 

तारीख 7 अक्टूबर 2001, जगह- गांधीनगर, कार्यक्रम- जब नरेंद्र मोदी ने पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद वह लगातार 12 साल 227 दिन राज्य के मुख्यमंत्री रहे।

15 अगस्त को लाल किले पर मोदी ने 7वीं बार झंडा फहराकर अटलजी का रिकॉर्ड तोड़ा था

  • 26 मई 2014 को नरेंद्र मोदी ने देश के 14वें प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। फिर 30 मई 2019 को वह दूसरी बार प्रधानमंत्री बने। अब तक वह कुल 6 साल 131 दिन का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं।
  • वह सबसे ज्यादा दिन प्रधानमंत्री पद पर रहने वाले पहले गैर-कांग्रेसी नेता हैं। उनसे पहले यह रिकॉर्ड अटल बिहारी वाजपेयी के नाम था। वह तीन बार देश के प्रधानमंत्री रहे। इस दौरान कुल 6 साल दो महीने और 19 दिन तक इस पद पर रहे।
  • हाल ही में 15 अगस्त को लाल किले पर मोदी ने 7वीं बार झंडा फहराकर अटलजी से आगे निकल गए थे। अटल जी ने लाल किले 6 बार झंडा फहराया था।

अब मोदी से आगे तीन नाम; सबसे ज्यादा दिन तक पीएम रहने का रिकॉर्ड नेहरू के पास

  • प्रधानमंत्री के रूप में मोदी से लंबा कार्यकाल अब सिर्फ तीन लोगों के नाम है। जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी और मनमोहन सिंह। तीनों कांग्रेस से थे।
  • सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के नाम है। नेहरू 16 साल 9 महीने और 12 दिन तक प्रधानमंत्री रहे।
  • दूसरे नंबर पर उनकी बेटी इंदिरा गांधी हैं। इंदिरा दो हिस्से में कुल 15 साल 11 महीने 17 दिन प्रधानमंत्री रहीं। तीसरे नंबर पर मनमोहन सिंह हैं। मनमोहन लगातार 10 साल चार दिन तक प्रधानमंत्री के पद पर रहे

देश के लिए मोदी सरकार के 8 बड़े काम

  1. 2014 में जनधन योजना शुरू की।
  2. 2016 में डिजिटल इंडिया मुहिम के तहत भीम ऐप लॉन्च किया।
  3. 2016 मे नोटबंदी की।
  4. 2017 में जीएसटी लागू करवाया।
  5. 2018 में आयुष्मान भारत योजना ले आए।
  6. 2019 में तीन तलाक कानून लाए।
  7. 2019 में कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटवाया।
  8. 2020 में राम मंदिर की नींव रखी।
Social Share

Advertisement