ताजा खबरें
  • Chhattisgarh
  • छह साल से बंद जगदलपुर-दुर्ग इंटरसिटी, आवागमन के लिए अब सड़क पर निर्भर बस्तर, सस्ती रेल यात्रा की आस लगाए लोग…

छह साल से बंद जगदलपुर-दुर्ग इंटरसिटी, आवागमन के लिए अब सड़क पर निर्भर बस्तर, सस्ती रेल यात्रा की आस लगाए लोग…

1 month ago
63

 जगदलपुर। कोरोना काल के दौरान बंद की गई जगदलपुर-दुर्ग इंटरसिटी एक्सप्रेस को लेकर बस्तरवासी कई बार मांग उठा चुके हैं, लेकिन छह वर्ष बीत जाने के बाद भी यह ट्रेन अब तक दोबारा शुरू नहीं हो सकी है. नतीजा यह है कि आज बस्तर से रायपुर और दुर्ग जाने के लिए लोगों के पास एनएच पर चलने वाली बसें ही एकमात्र विकल्प रह गई हैं.

बस्तर से आयरन ओर की ढुलाई करीब 70 वर्षों से लगातार हो रही है, लेकिन इन सात दशकों में बस्तर को रेल सुविधाओं के नाम पर सिर्फ पांच ट्रेनें ही मिल पाई हैं. इनमें से भी जगदलपुर से किरंदुल जाने वाली ट्रेन आए दिन रद्द होती रहती है, जिससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ जाती है.

राजधानी से बस्तर को जोड़ने के लिए हवाई सेवा की शुरुआत जरूर की गई थी, लेकिन कुछ समय बाद उसे भी बंद कर दिया गया. अब दुर्ग इंटरसिटी और हवाई सेवा दोनों के बंद होने से बस्तरवासी आवागमन के लिए महंगे साधनों पर निर्भर होने को मजबूर हैं. बस्तरवासियों का कहना है कि बस से रायपुर या दुर्ग जाने में 700 से 800 रुपये तक किराया देना पड़ता है, जबकि ट्रेन का किराया काफी कम होता है. ऐसे में दुर्ग इंटरसिटी का दोबारा संचालन शुरू होने से आम लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है.

रेल मंत्री से हो चुकी है चर्चा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने इस मामले पर कहा कि केंद्र सरकार रेलवे सुविधाओं को बेहतर करने के उद्देश्य से लगातार काम कर रही है. रेल मंत्री से इस विषय पर चर्चा भी हो चुकी है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि दुर्ग इंटरसिटी ट्रेन बहुत जल्द जनता के लिए शुरू की जाएगी. साथ ही, जो हवाई सेवा बंद हुई है, उसे भी मार्च तक फिर से चालू करने की तैयारी है.

Social Share

Advertisement