ताजा खबरें
  • breaking
  • GOAT India Tour: भगवान के सामने माथा टेका, आरती की… अनंत अंबानी के वनतारा में देसी लुक में नजर आए मेसी, शेर के बच्चे का नाम रखा ‘लियोनेल’, तस्वीरें हुई वायरल

GOAT India Tour: भगवान के सामने माथा टेका, आरती की… अनंत अंबानी के वनतारा में देसी लुक में नजर आए मेसी, शेर के बच्चे का नाम रखा ‘लियोनेल’, तस्वीरें हुई वायरल

3 months ago
144

GOAT India Tour: अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर और फुटबॉल जगत के दिग्गज खिलाड़ी लियोनेल मेसी बीते दिनों  GOAT इंडिया टूर पर भारत भारत पहुंचे थे। इस दौरे के तहत देश के कई प्रमुख शहरों का भ्रमण करने के बाद मेसी गुजरात के जामनगर पहुंचे, जहां उन्होंने रिलायंस इंडस्ट्रीज द्वारा संचालित वाइल्डलाइफ रेस्क्यू और संरक्षण केंद्र वनतारा का दौरा किया। इस दौरान सामने आई तस्वीरों और वीडियो ने सोशल मीडिया पर खासा ध्यान खींचा है।

वनतारा पहुंचने पर लियोनेल मेसी का स्वागत पूरी तरह भारतीय परंपराओं के अनुसार किया गया। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना की, माथे पर तिलक लगाया और आरती की। मेसी अंबे माता पूजा, गणेश पूजा, हनुमान पूजा और शिव अभिषेक में शामिल हुए। इस मौके पर उनके साथ रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के छोटे बेटे अनंत अंबानी और उनकी पत्नी राधिका अंबानी भी मौजूद रहे। तीनों ने साथ मिलकर भगवान के सामने मत्था टेककर आशीर्वाद लिया।

इस खास दौरे में इंटर मियामी के खिलाड़ी लुईस सुआरेज और रोड्रिगो डी पॉल भी मेसी के साथ नजर आए। पूजा के बाद मेसी ने वनतारा के संरक्षण परिसर का भ्रमण किया, जहां उन्होंने शेर, तेंदुए, बाघ, हाथी सहित कई अन्य वन्य जीवों को बेहद करीब से देखा।

मेसी के वनतारा दौरे की सबसे भावुक और यादगार झलक एलिफेंट केयर सेंटर से सामने आई। यहां उन्होंने रेस्क्यू किए गए बीमार हाथी ‘प्रतिमा’ के नन्हे बच्चे मणिकलाल के साथ फुटबॉल खेला।

इस अवसर को और भी खास बनाते हुए अनंत अंबानी और राधिका अंबानी ने एक शेर के शावक का नाम मेसी के सम्मान में ‘लियोनेल’ रखा। इस अनोखे सम्मान से मेसी काफी प्रभावित नजर आए। उन्होंने वनतारा में जानवरों के लिए किए जा रहे कार्यों की जमकर सराहना की और इसे “सुंदर, प्रेरणादायक और मानवीय” बताया। साथ ही उन्होंने भविष्य में फिर से वनतारा आने और इस मिशन का समर्थन करने की बात भी कही।

क्या है वनतारा?

वनतारा, रिलायंस फाउंडेशन की ओर से शुरू किया गया एक विशाल वाइल्डलाइफ कंजर्वेशन और रेस्क्यू प्रोजेक्ट है, जिसे अनंत अंबानी खुद मैनेज करते हैं। यह प्रोजेक्ट सिर्फ एक वाइल्डलाइफ सेंटर नहीं, बल्कि जानवरों के संरक्षण, उपचार और पुनर्वास की एक अनोखी पहल है। गुजरात के जामनगर में रिलायंस रिफाइनरी परिसर के करीब 3000 एकड़ ग्रीनबेल्ट में फैला यह देश का अपनी तरह का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट माना जाता है।

यहां 43 प्रजातियों के 2000 से अधिक जानवरों को सुरक्षित माहौल दिया गया है। वनतारा में करीब 200 हाथी, 300 से अधिक शेर, तेंदुए, बाघ, जगुआर, हिरण सहित कई दुर्लभ प्रजातियां मौजूद हैं। इसके अलावा मगरमच्छ, सांप और कछुओं जैसे 1200 से अधिक सरीसृपों की भी यहां देखरेख की जा रही है। इन सभी की देखभाल के लिए लगभग 2100 लोगों का प्रशिक्षित स्टाफ तैनात है।

वनतारा में जानवरों के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस एक हाईटेक हॉस्पिटल भी बनाया गया है, जो करीब 25 हजार वर्गफुट में फैला हुआ है। यहां एक्स-रे मशीन, लेजर ट्रीटमेंट, हाइड्रोलिक सर्जिकल टेबल जैसी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मौजूद हैं। इसके साथ ही 650 एकड़ में एक विशेष पुनर्वास केंद्र भी विकसित किया गया है।

हाथियों के लिए खास इंतजाम

वनतारा का एलिफेंट केयर सेंटर सबसे ज्यादा चर्चा में रहता है। यहां 200 से अधिक हाथियों की देखभाल की जा रही है। हर हाथी के लिए उसकी उम्र, सेहत और जरूरत के अनुसार अलग डाइट प्लान तैयार किया जाता है। एक्सपर्ट शेफ हाथियों के लिए भोजन बनाते हैं। एक हाथी रोजाना करीब 130 किलो तक खाना खा सकता है, जिसमें रागी के लड्डू, खिचड़ी, रोटियां, फल-सब्जियां और सूखा चारा शामिल होता है।

सिर्फ भोजन ही नहीं, बल्कि हाथियों के आराम और इलाज का भी पूरा ध्यान रखा जाता है। यहां जकूजी और हाइड्रोथेरेपी पॉन्ड बनाए गए हैं, जिनमें प्रेशर जेट्स लगे हैं। गुनगुने पानी से दी जाने वाली यह थेरेपी हाथियों की मांसपेशियों को राहत देती है और उन्हें जल्दी स्वस्थ होने में मदद करती है।

अनंत अंबानी का निजी जुड़ाव

अनंत अंबानी वनतारा को सिर्फ एक प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि समाज और बेजुबान जानवरों के प्रति अपनी जिम्मेदारी मानते हैं। वे खुद रोजमर्रा के फैसलों में शामिल रहते हैं और अपना काफी समय जानवरों के बीच बिताते हैं। उनका लक्ष्य वनतारा को एक ग्लोबल मॉडल के रूप में विकसित करना है, जहां संरक्षण, रिसर्च और जनजागरूकता एक साथ आगे बढ़ें।

आज वनतारा सिर्फ एक वाइल्डलाइफ सेंटर नहीं, बल्कि उन बेजुबान जीवों के लिए उम्मीद की जगह बन चुका है, जिन्हें कभी इंसानी लापरवाही और क्रूरता का शिकार होना पड़ा था।

 

Social Share

Advertisement