ताजा खबरें
  • breaking
  • Chhattisgarh
  • छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर के बाद बढ़ेगी ठंड

छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर के बाद बढ़ेगी ठंड

3 years ago
168

Cold knocked, the temperature of these districts including the capital

रायपुर, 07 नवंबर 2022/  छत्तीसगढ़ में ठंड के मौसम ने दस्तक दे दी है। राजधानी रायपुर में नवंबर महीने की रात 8.3 डिग्री सेल्सियस तक ठंडी रही है। लेकिन बीते 10 सालों में तापमान में इतनी गिरावट कभी नहीं हुई। इस साल अभी तक न्यूनतम तापमान का पारा 19.7 डिग्री सेल्सियस पर अटका हुआ है।

रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक नवंबर का औसत अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस है। आज से 139 साल पहले यानी 22 नवम्बर 1883 को रायपुर में न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। रिकॉर्ड में वह नवंबर महीने में अब तक की सबसे ठंडी रात थी। पिछले 10 सालों में नवंबर का तापमान 13.3 डिग्री सेल्सियस से नीचे कभी भी नहीं गया। 2021 में 29 नवंबर को सबसे कम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ था।

2020 में 9 नवंबर को यह 15.4 डिग्री था। 2017 में यह 14.3 डिग्री था तो 2015 में 17.1 डिग्री सेल्सियस तक भी पहुंच गया था। 2012 में इसे 13.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। इस साल एक नवंबर से 7 नवम्बर तक रिकॉर्ड न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच ही रहा है। बताया जा रहा है, 15 नवम्बर के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी। वहीं दिन का तापमान भी तेजी से कम होगा।

बस्तर संभाग सबसे ठंडा है

मौसम विभाग के रिकॉर्ड में अभी बस्तर संभाग का इलाका सबसे अधिक ठंडा है। सात नवंबर को नारायणपुर का न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। यह पूरे प्रदेश में सबसे ठंडा है। अंबिकापुर में यह 15.4 डिग्री, जशपुर में 15.6 डिग्री और दंतेवाड़ा में 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। जगदलपुर में 15.8 डिग्री का न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है।

उत्तर से सूखी हवाओं का आना लगातार जारी

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक प्रदेश में उत्तर से सूखी हवा का आना लगातार जारी है। इसकी वजह से बरसात की संभावना नहीं के बराबर है। इसकी वजह से फिलहाल न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान में वृद्धि की संभावना जरूर बन रही है।

एक सप्ताह पहले के हालात

छत्तीसगढ़ में बस्तर और सरगुजा में अचानक ठंड बढ़ी है। यहां रात का तापमान सामान्य से 3 डिग्री तक नीचे चला गया था। गुरुवार रात नारायणपुर में पारा 12.5 डिग्री तक उतरा। यह प्रदेश में सबसे कम है। इसी तरह, बिलासपुर-सरगुजा के उत्तरी क्षेत्रों में भी तापमान 13 डिग्री के आसपास पहुंच गया था। मैदानी इलाकों में दुर्ग सबसे ठंडा रहा। यहां भी पारा नार्मल से तीन डिग्री तक नीचे है। मौसम विभाग ने तापमान और गिरने तथा ठंड बढ़ने की संभावना जताई है।

प्रदेश में उत्तर-पूर्व से आ रही शुष्क हवा के कारण मौसम अचानक ठंडा हुआ है। सभी संभागों में तापमान में काफी गिरावट आई है। पेंड्रारोड और अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री के करीब है। दोनों जगह पर तापमान सामान्य से दो डिग्री कम है। बिलासपुर काफी ज्यादा ठंड महसूस की जा रही है। यहां न्यूनतम तापमान 16 डिग्री के आसपास पर चल रहा है। यह सामान्य से तीन डिग्री नीचे है। दो डिग्री की गिरावट और होने पर यहां शीतलहर की घोषणा की जा सकती है। मैदानी इलाके वाले दुर्ग में भी अच्छी ठंड पड़ रही है।

Social Share

Advertisement