ताजा खबरें
  • breaking
  • Chhattisgarh
  • विस् अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने खेल दिवस पर खेल प्रेमियों को दी बधाई

विस् अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने खेल दिवस पर खेल प्रेमियों को दी बधाई

4 years ago
183

हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर नमन – डॉ. महंत

रायपुर, 29 अगस्त 2022/  छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर बधाई देते हुए कहा कि, हॉकी के जादूगर महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर उन्हें नमन करता हूँ। ध्यानचंद जी ने भारत को ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक दिलवाया और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय हॉकी को पहचान दिलाई। उनके प्रति सम्मान प्रकट करने के लिए उनके जन्मदिन 29 अगस्त को हर वर्ष भारत में राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। ध्यानचंद ने तीन ओलंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया और तीनों बार देश को स्वर्ण पदक दिलाया। हॉलैंड में एक मैच के दौरान हॉकी में चुंबक होने की आशंका में उनकी स्टिक तोड़कर देखी गई। जापान में एक मैच के दौरान उनकी स्टिक में गोंद लगे होने की बात भी कही गई। ध्यानचंद ने हॉकी में जो कीर्तिमान बनाए, उन तक आज भी कोई खिलाड़ी नहीं पहुंच सका है। उन्हें 1956 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया।

बता दें कि, इस दिन खेल जगत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भारत के राष्ट्रपति द्वारा खेलों में विशेष योगदान देने के लिए राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों से सम्मानित किया जाता है। राष्ट्रपति इस दिन राजीव गांधी खेल रत्न, अर्जुन और द्रोणाचार्य पुरस्कार जैसे अवार्ड प्रदान करते हैं।

राष्ट्रीय खेल दिवस का मुख्य उद्देश्य खेलों के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाना और मानव शरीर पर इसके लाभों को समझने के लिए लोगों का ध्यान आकर्षित करना है।

विस् अध्यक्ष डॉ. महंत ने खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, खिलाड़ी देश का अपने परिवार का मान सम्मान बढ़ाये।

Social Share

Advertisement