- Home
- breaking
- Chhattisgarh
- रायपुर में NIA की नई बिल्डिंग का गृहमंत्री अमित शाह ने किया उद्घाटन, भूपेश बघेल ने कहा- झीरम की जांच अधूरी
रायपुर में NIA की नई बिल्डिंग का गृहमंत्री अमित शाह ने किया उद्घाटन, भूपेश बघेल ने कहा- झीरम की जांच अधूरी


रायपुर, 27 अगस्त 2022/ गृहमंत्री अमित शाह BSF (बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स) के विशेष विमान से तय शेड्यूल के मुताबिक रायपुर पहुंच गए हैं। गृहमंत्री शाह नवा रायपुर में NIA (नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी) की नई बिल्डिंग का उद्घाटन किया। उन्होंने नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी के काम की जमकर तारीफ की और कहा कि चुनाव से पहले देश के सभी राज्यों में NIA की ब्रांच होगी। इसके बाद अमित शाह साइंस कॉलेज स्थित दीनदयाल ऑडिटोरियम पहुंचेंगे। जहां भाजपा की तरफ से मोदी@20 किताब पर परिचर्चा का आयोजन किया गया है।
NIA भवन के उद्घाटन के समय अमित शाह के साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौजूद रहे। वे रिबन कटिंग के वक्त बिलकुल उनके साथ खड़े हुए। इसके बाद मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह, छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव भी थे। स्वागत के बाद संबोधन की शुरूआत हुई।
भूपेश ने कहा-झीरम की जांच अब भी अधूरी
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, बहुत कम अंतराल में गृह मंत्री जी से मुलाकात हो रही है। बहुत सी बातें क्षेत्रीय परिषद की बैठक में हुईं, बहुत से फैसले हुए जिसके लिए गृह मंत्री जी को धन्यवाद देता हूं। एनआईए की जिम्मेदारी बड़ी है। उसकी विश्वसनीयता सभी मानते हैं। लेकिन कई मामलों के साथ झीरम घाटी और भीमा मंडावी जी की हत्या की जांच अभी भी पेंडिंग है। माओवाद हाे अथवा आतंकवाद हो, वे मानवता के दुश्मन हैं। उनके खिलाफ सभी को सहयोग करना चाहिए। माओवादी समस्या हमको विरासत में मिली थी। हमें संतोष है कि नक्सलवाद को बहुत पीछे ढकेलने में सफल रहे हैं। इसके लिए राज्य पुलिस, अर्धसैनिक बलों, राजनीतिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों का योगदान रहा है। यह कहना कठिन है कि उनका उन्मूलन कब तक होगा, लेकिन यह निश्चित है कि जल्दी ही छत्तीसगढ़ में वामपंथी उग्रवाद खत्म होगा।