- Home
- breaking
- Chhattisgarh
- सोनिया गांधी की पेशी का CG में तीखा विरोध : रायपुर में ED का दफ्तर घेरा, मुख्यमंत्री भी शामिल, दिल्ली में सांसदों-विधायकों ने दी गिरफ्तारी
सोनिया गांधी की पेशी का CG में तीखा विरोध : रायपुर में ED का दफ्तर घेरा, मुख्यमंत्री भी शामिल, दिल्ली में सांसदों-विधायकों ने दी गिरफ्तारी


रायपुर, 21 जुलाई 2022/ कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की प्रवर्तन निदेशालय-ED में पेशी का दिल्ली से रायपुर तक तीखा विरोध हुआ है। रायपुर में कांग्रेस ने ED के स्थानीय दफ्तर का घेराव कर दिया। इसमें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तक शामिल हुए। उधर दिल्ली में प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के सांसदों-विधायकों ने भी गिरफ्तारी दी है।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम की अगुवाई में हजारो नेता-कार्यकर्ता सुबह 11 बजे से ही रायपुर के पुजारी पार्क स्थित ED दफ्तर के सामने पहुंच गए थे। बरसात की स्थिति को देखते हुए पार्टी ने यहां वॉटरप्रूफ पंडाल लगवाया था। प्रदेश के दूसरे जिलों से भी बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के यहां पहुंचने से भीड़ पंडाल की क्षमता से बाहर हो गई। इस भीड़ में ब्लाक अध्यक्ष, ब्लाक पदाधिकारी, वार्ड पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, पार्षद, पंचायत पदाधिकारी, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पंचायत, नगर पालिका के पंचायतों के निर्वाचित पदाधिकारी भी शामिल थे। विधानसभा का प्रश्नकाल खत्म होने के बाद कांग्रेस विधायक भी एक-एककर यहां पहुंचने लगे। उसके बाद मंच भर गया। दोपहर बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और दूसरे मंत्री भी मंच पर पहुंच गए। इस दौरान वक्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। कहा गया, मोदी सरकार केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज को दबाना चाहती है। सोनिया गांधी को एक गलत मामले में फंसाने की कोशिश हो रही है। एक बीमार और बुजुर्ग राष्ट्रीय नेता को जांच एजेंसियों से पूछताछ के नाम पर परेशान किया जा रहा है।
दिल्ली में दीपक बैज और विकास उपाध्याय गिरफ्तार
उधर दिल्ली में कांग्रेस कार्यालय से ED दफ्तर की ओर मार्च कर रहे कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है। इसमें बस्तर सांसद दीपक बैज और रायपुर विधायक विकास उपाध्याय भी शामिल हैं। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया को भी गिरफ्तार किया गया है। राज्यसभा सांसदों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। उन्हें दिल्ली के अलग-अलग थानों और पुलिस लाइंस में रखा गया है।