- Home
- breaking
- Chhattisgarh
- रायपुर एयरपोर्ट पर टेकऑफ करते प्लेन से पक्षी टकराया, हादसे के बाद दिल्ली जा रहे विमान को रोका गया; केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह समेत 179 यात्रियों को दूसरे प्लेन में भेजा गया
रायपुर एयरपोर्ट पर टेकऑफ करते प्लेन से पक्षी टकराया, हादसे के बाद दिल्ली जा रहे विमान को रोका गया; केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह समेत 179 यात्रियों को दूसरे प्लेन में भेजा गया


रायपुर 14 सितंबर 2021/ रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर मंगलवार सुबह का एक बड़ा हादसा टल गया। रायपुर से दिल्ली जा रहे एयर इंडिया की फ्लाइट AIC 469 A320 से पक्षी टकरा गया। दरअसल विमान के टेक ऑफ के दौरान ये घटना हुई। इस बर्ड हिट की वजह से विमान का टेक ऑफ रोकना पड़ा। विमान में मौजूद कुछ यात्रियों के मुताबिक पक्षी के टकराते ही झटके से आवाज अंदर महसूस की गई, कुछ को लगा कि प्लेन के लैंडिंग गेयर का टायर फट गया हो।
इस बीच पायलट ने फौरन एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क कर उन्हें बर्ड हिट की जानकारी दी। प्लेन के वापस फील्ड एरिया की तरफ लाया गया। एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक एयर इंडिया के इंजीनियर्स ने प्लेन की जांच की। रनवे पर देखने पर वहां पक्षी के टुकड़े मिले जो प्लेन से टकरा गया था। एयर इंडिया के स्टाफ ने सभी यात्रियों को शांत कराया। सभी को सुरक्षित प्लेन से उतारा गया और दूसरे विमान से भेजने का बंदोबस्त किया गया।
30 मिनट के भीतर आया दूसरा विमान
रायपुर एयरपोर्ट पर जिस विमान से पक्षी टकराया था उसमें करीब 179 लोग सवार थे। इसमें केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह भी शामिल थीं। वो केंद्रीय स्तर की एक बैठक में शामिल होने दिल्ली जा रही थीं। लगभग 30 मिनट के भीतर दूसरे एयरक्राफ्ट का बंदोबस्त हो पाया। पहले प्लेन से उतारे गए सभी यात्रियों को इसके बाद नई फ्लाइट से दिल्ली भेजा गया। पक्षी जिस विमान से टकराया, उसकी बारीकी से जांच की जा रही है। किसी भी चूक को दूर करने इंजीनियर्स की टीम काम कर रही है।
Advertisement