- Home
- Chhattisgarh
- पति और बेटे ने युवक को घर बुलाकर उतारा मौत के घाट, पत्नी से अवैध संबंध का था शक, आरोपी पिता-पुत्र गिरफ्तार
पति और बेटे ने युवक को घर बुलाकर उतारा मौत के घाट, पत्नी से अवैध संबंध का था शक, आरोपी पिता-पुत्र गिरफ्तार

बिलासपुर। जिले के सकरी थाना क्षेत्र की सैदा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में चरित्र पर संदेह के चलते एक बेहद चौंकाने वाली हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है। मूल रूप से मुंगेली के रहने वाले और पेशे से शिक्षक शिव कांबले को अपनी पत्नी और राम्हेपुर निवासी दावेंद्र बघेल (27) के बीच अवैध संबंध होने का गहरा शक था। इस बात को लेकर घर में लंबे समय से मानसिक तनाव और घरेलू विवाद चल रहा था। इसी कलह और बदनामी से बचने के लिए यह परिवार महज छह दिन पहले ही मुंगेली छोड़कर बिलासपुर की इस कॉलोनी में शिफ्ट हुआ था, लेकिन इसके बावजूद उनके बीच का विवाद शांत नहीं हुआ।
शनिवार को घर में मौजूद शिव कांबले, उसकी पत्नी और बेटे के बीच इसी विषय पर दोबारा तीखी बहस शुरू हुई। विवाद के दौरान पति ने पत्नी पर दबाव डाला कि वह अपने कथित परिचित दावेंद्र बघेल को फोन करके घर बुलाए ताकि आमने-सामने बात की जा सके। पत्नी के बुलाने पर दावेंद्र बघेल उनके बिलासपुर स्थित नए मकान में पहुंचा। शुरुआत में तीनों के बीच बातचीत हो रही थी, लेकिन देखते ही देखते माहौल बेहद तनावपूर्ण और हिंसक हो गया।
मामले को बिगड़ता देख और किसी अनहोनी की आशंका से घबराकर महिला तुरंत घर से भागकर सीधे सकरी थाने पहुंची और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। महिला की सूचना पर जब तक पुलिस की टीम मौके पर पहुंचती, तब तक बहुत देर हो चुकी थी और दावेंद्र की मौत हो चुकी थी। प्राथमिक जांच और फॉरेंसिक (FSL) टीम की पड़ताल में सामने आया है कि आरोपियों ने दावेंद्र के साथ बेरहमी से मारपीट की और फिर गला दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया। महिला ने इस घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को भी दी, जिसके बाद उनके रिश्तेदारों की मौजूदगी में शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सिम्स (CIMS) अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार होने की कोशिश कर रहे आरोपी पति और बेटे को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।