ताजा खबरें
  • Chhattisgarh
  • सुशासन तिहार का ग्रामीणों ने किया बहिष्कार : प्रशासन पर जनसमस्याओं का निराकरण नहीं करने का आरोप, कांग्रेस नेता ने अधिकारियों से मांगा जवाब

सुशासन तिहार का ग्रामीणों ने किया बहिष्कार : प्रशासन पर जनसमस्याओं का निराकरण नहीं करने का आरोप, कांग्रेस नेता ने अधिकारियों से मांगा जवाब

6 days ago
40

बिलासपुर। बिल्हा के ग्राम गोढ़ी में आयोजित विकासखंड स्तरीय सुशासन तिहार शिविर के दौरान कांग्रेस नेताओं और ग्रामीणों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रशासन पर जनसमस्याओं का निराकरण नहीं करने का आरोप लगाते हुए शिविर का बहिष्कार किया।

प्रदर्शन के दौरान राजेंद्र शुक्ला ने कहा कि ग्रामीणों द्वारा विभिन्न समस्याओं को लेकर दिए गए आवेदनों का अब तक निराकरण नहीं किया गया है। उन्होंने बिजली, पानी, सड़क, खाद-बीज जैसी मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर प्रशासन को घेरा। साथ ही पीएचई, कृषि, विद्युत और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों से जवाब मांगा।

कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला ने नगपुरा-झाल और मोहदा मार्ग के निर्माण कार्य में हो रही देरी पर भी नाराजगी जताई। उनका आरोप था कि जब उन्होंने मंच से जनसमस्याएं उठानी शुरू की तो उनका माइक बंद कर दिया गया। इसे उन्होंने लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा।

ग्रामीणों और कांग्रेसियों ने उठाई ये मांगें

विरोध प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में शराब दुकान बंद करने और अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने की मांग की। इसके अलावा किसानों को समय पर बिजली, पानी और खाद-बीज उपलब्ध कराने, वृद्धजनों को पेंशन देने तथा पात्र हितग्राहियों को महतारी वंदन योजना की राशि समय पर जारी करने की मांग भी उठाई।

सुशासन तिहार का बहिष्कार

नारेबाजी के बीच माहौल गरमा गया और बड़ी संख्या में ग्रामीणों तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुशासन तिहार कार्यक्रम का बहिष्कार करते हुए शिविर स्थल से बाहर निकल गए। विरोध प्रदर्शन के चलते कुछ समय तक कार्यक्रम का माहौल तनावपूर्ण बना रहा। प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों की मांगों पर उचित कार्रवाई और समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया गया है।

Social Share

Advertisement