- Home
- Chhattisgarh
- GT vs MI IPL 2026: आज शाम गुजरात के सामने होगी मुंबई की चुनौती, जानिए हेड-टू-हेड में किसका पलड़ा है भारी, अहमदाबाद की पिच रिपोर्ट और संभावित प्लेइंग 11 समेत मैच से जुड़ी सभी जरूरी अपडेट्स
GT vs MI IPL 2026: आज शाम गुजरात के सामने होगी मुंबई की चुनौती, जानिए हेड-टू-हेड में किसका पलड़ा है भारी, अहमदाबाद की पिच रिपोर्ट और संभावित प्लेइंग 11 समेत मैच से जुड़ी सभी जरूरी अपडेट्स

GT vs MI IPL 2026: आईपीएल सीजन 19 के 30वें मुकाबले में आज गुजरात टाइटंस (GT) और मुंबई इंडियंस (MI) की टीम आमने-सामने होगी। आईपीएल के मौजूदा सीजन में दोनों टीमों ने 5-5 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान GT को 3 मुकाबलों में जीत मिली और 2 में हार का सामना करना पड़ा। पॉइंट्स टेबल में GT 6वें पायदान पर है, आज उनकी नजरें टॉप-4 में जगह बनाने पर होंगी। वहीं, 5 बार की चैंपियन MI पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे 10वें पायदान पर है। टीम को अब तक खेले गए 5 मुकाबलों में सिर्फ 1 में जीत और लगातार 4 मैचों में हार झेलनी पड़ी है। ऐसे में MI की नजरें हार के सिलसिले को तोड़ने पर होंगी।
बता दें कि GT और MI के बीच यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आज शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा, जबकि टॉस आधे घंटे पहले 7 बजे होगा। लेकिन उससे पहले आइए मैच से पहले दोनों टीमों के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड, पिच रिपोर्ट, संभावित प्लेइंग 11 और लाइव स्ट्रीमिंग की डिटेल्स पर एक नजर डालते हैं।

गिल के पास ऑरेंज कैप हासिल करने का मौका
GT की ओर से शुभमन गिल टीम के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने अब तक खेले 5 मैचों में 251 रन बनाए हैं और इस मुकाबले में उनके पास ऑरेंज कैप हासिल करने का मौका भी रहेगा। वे सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के हेनरिक क्लासेन से सिर्फ 32 रन पीछे हैं। वहीं, जोस बटलर 220 रन के साथ टीम के दूसरे सबसे सफल बल्लेबाज हैं।
गेंदबाजी में प्रसिद्ध कृष्णा शानदार फॉर्म में हैं और वह पर्पल कैप से सिर्फ 2 विकेट दूर हैं। उनके नाम मौजूदा सीजन में 11 विकेट दर्ज हैं और वे GT के सबसे सफल गेंदबाज बने हुए हैं।
रोहित शर्मा के खेलने पर संशय
दूसरी ओर मुंबई इंडियंस (MI) के लिए रोहित शर्मा टीम के टॉप रन स्कोरर हैं। उन्होंने 4 मैचों में 137 रन बनाए हैं, जबकि रायन रिकेल्टन ने भी 137 रन बनाए हैं, हालांकि उन्होंने रोहित से एक मैच ज्यादा खेला है। गेंदबाजी में शार्दूल ठाकुर 6 विकेट के साथ टीम के सबसे सफल गेंदबाज हैं।

इस मैच में रोहित शर्मा के खेलने पर संशय बना हुआ है। वे 12 अप्रैल को वानखेड़े स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ मुकाबले में चोटिल हो गए थे। कप्तान हार्दिक पंड्या ने उनकी फिटनेस को लेकर कहा है कि उन्हें कम से कम दो मैचों के लिए आराम दिया जाएगा और उनकी वापसी में कोई जल्दबाजी नहीं की जाएगी।
GT और MI हेड टू हेड में किसका पलड़ा है भारी?

आईपीएल इतिहास में दोनों टीमों के बीच हेड-टू-हेड आंकड़ों पर नजर डालें तो इसमें MI का पलड़ा भारी नजर आता है। आईपीएल में GT और MI की 8 बार भिड़ंत हुई है, जिसमें GT ने 5 और MI ने 3 मैच जीते हैं। पिछले दो सालों में GT ने कुल 4 में से 3 मैचों में मुंबई को धूल चटाई है।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है, जहां हाई-स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिलते हैं। इस पिच पर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करना अक्सर एक रणनीतिक रूप से सही फैसला साबित होता है। आईपीएल 2026 में यहां खेले गए दो मुकाबलों में गुजरात टाइटंस को एक जीत और एक हार मिली है। टीम को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 6 रन से हार का सामना करना पड़ा था, जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ उन्होंने 5 विकेट से जीत दर्ज की थी।
आईपीएल के अब तक के आंकड़ों के अनुसार, नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कुल 46 मैच खेले गए हैं, जिनमें पहले बल्लेबाजी और लक्ष्य का पीछा करने वाली दोनों ही टीमों ने 23-23 मैच जीते हैं, यानी जीत का प्रतिशत लगभग बराबर रहा है। टॉस जीतने वाली टीमों ने 21 मैच जीते हैं, जबकि टॉस हारने वाली टीमों ने 25 मुकाबलों में जीत हासिल की है।
इस मैदान पर सबसे बड़ा स्कोर 243/5 रहा है, जबकि सबसे कम स्कोर 89 रन दर्ज किया गया है। लक्ष्य का पीछा करते हुए सर्वश्रेष्ठ स्कोर 204/3 है। यहां औसतन प्रति विकेट 28.64 रन और प्रति ओवर 9.01 रन बनते हैं, जबकि पहले बल्लेबाजी करते हुए औसत स्कोर लगभग 178 रन रहता है।
GT और MI की संभावित प्लेइंग 11
गुजरात टाइटंस (GT)
साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कगिसो रबाडा, अशोक शर्मा, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा।
इम्पैक्ट प्लेयर- शाहरुख खान।
मुंबई इंडियंस (MI)
रायन रिकेल्टन (विकेटकीपर), क्विंटन डी कॉक, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), शेरफन रदरफोर्ड, नमन धीर, मयंक रावत, शार्दूल ठाकुर, दीपक चाहर और जसप्रीत बुमराह।
इम्पैक्ट प्लेयर: ट्रेंट बोल्ट।