• breaking
  • Chhattisgarh
  • बस्तर में हिंसा के विरोध में सड़क पर उतरेगी भाजपा, 12 विधानसभा में 16 फरवरी को होगा प्रदर्शन

बस्तर में हिंसा के विरोध में सड़क पर उतरेगी भाजपा, 12 विधानसभा में 16 फरवरी को होगा प्रदर्शन

2 years ago
97

संसद के बाद बस्तर में हिंसा के विरोध में सड़क पर उतरेगी भाजपा, 12 विधानसभा में 16 फरवरी को होगा प्रदर्शन

रायपुर, 15 फरवरी 2023/ बस्तर में भाजपा नेताओं की नक्सली हत्या का मुद्दा संसद में उठाने के बाद अब भाजपा सड़क पर उतरने जा रही है। पार्टी पदाधिकारियों की हत्या के विरोध में भाजपा ने 16-17 फरवरी को छत्त्तीसगढ़ बंद और चक्काजाम का आव्हान किया है।

17 फरवरी को 78 विधानसभा क्षेत्र में भाजपा का प्रदर्शन

बस्तर संभाग के 12 विधानसभा क्षेत्र में 16 फरवरी और बाकी 78 विधानसभा क्षेत्र में 17 फरवरी को बंद होगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस सरकार की शह पर षडयंत्रपूर्वक, सुनियोजित तरीके से लक्ष्य करके भारतीय जनता पार्टी के नेता, कार्यकर्ताओं की हत्या की जा रही है। भाजपा सांसदों ने लोकसभा में पार्टी पदाधिकारियों की हत्या का निष्पक्ष जांच की मांग की है।

16 फरवरी को बस्तर मुख्यालय जगदलपुर में रैली निकालकर आइजी कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया जाएगा। 17 फरवरी को बस्तर के 12 विधानसभा क्षेत्र छोड़कर प्रदेश के सभी 78 विधानसभा क्षेत्र में मंडल स्तर पर दोपहर दो बजे से शाम चार बजे तक प्रदेश की 400 से अधिक सड़कें जाम की जाएंगी। प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप ने कहा कि यह षड्यंत्र की राजनीति आगामी विधानसभा चुनाव को प्रभावित करने के लिए की जा रही है।

नेताओं की सुरक्षा पर मुस्तैदी से नजर रखेगी पुलिस

बस्तर के नेताओें की सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश के बाद रेंज आइजी ने सभी जिलों के एसपी की बैठक ली। बैठक में प्रदेश स्तर के नेताओं के दौरे को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। बस्तर में राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान पार्टी पदाधिकारियों को कलेक्टर और एसपी को सूचना देनी होगी। राजनीतिक दलों की बैठक में आइजी सुंदरराज ने कहा कि नेताओं को सुरक्षा श्रेणी के आधार पर पर्याप्त सुरक्षा देना प्राथमिकता है।

 

Social Share

Advertisement