ताजा खबरें
  • breaking
  • Chhattisgarh
  • आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सीएम भूपेश बघेल बोले- काम के दम पर लड़ेंगे चुनाव, 71 सीट रहेगा लक्ष्य

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सीएम भूपेश बघेल बोले- काम के दम पर लड़ेंगे चुनाव, 71 सीट रहेगा लक्ष्य

3 years ago
136

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सीएम भूपेश बघेल बोले- काम के दम पर लड़ेंगे चुनाव, 71 सीट रहेगा लक्ष्य

राजनांदगांव, 23 नवंबर 2022/ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वर्ष 2023 में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की नीति स्पष्ट की। प्रेसवार्ता में उन्होंने दो टूक कहा कि कांग्रेस अपने काम के दम पर जनता के बीच जाएगी। इस बार लक्ष्य 71 सीटोंं पर जीत का होगा। मुद्दा क्या होगा? यह संगठन के साथ बैठकर तय किया जाएगा। भाजपा व केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा कि ईडी व आइटी के दम पर अधिकारियों को प्रताड़ित किया जा रहा है। बघेल ने कहा कि इस तरह की शिकायत पर अध्ययन किया जा रहा है। समय आने पर कार्रवाई की जाएगी। बघेल ने भानुप्रतापपुर उपचुनाव में भी जीत का दावा किया।

भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में आए मुख्यमंत्री ने बुधवार को सर्किट हाउस में मीडिया से कहा कि 2018 में कांग्रेस ने 68 सीटों पर जीत दर्ज की थी। यह छत्तीसगढ़ के चुनावी इतिहास में सबसे बड़ी जीत है। उपचुनावों में जीत के बाद यह संख्या 71 हो गई। यही अगले चुनाव की लक्ष्य सीट होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस विकास के दम पर चुनाव लड़ेगी, न कि भाजपा की तरह दूसरे एजेंडे पर चुनाव लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी एक वर्ष का समय बाकी है। छत्तीसगढ़ में काम की काफी संभावनाएं हैं। इस एक वर्ष में और बेहतर करने का प्रयास होगा।

भाजपा के छत्तीसगढ़ प्रभारी ओम माथुर के बयान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राहुल गांधी का कद इतना बढ़ चुका है उनके सामने ऐसे नेता बोलने लायक नहीं रह गए हैं। पदयात्रा के दौरान लोग उन्हें देख, सुन व समझ रहे हैं। भाजपा ने जो छवि जनता के सामने राहुल की बनाई और जो वास्तविक है, उसमें जमीन-आसमान का अंतर है। आदिवासियों को वनवासी कहे जाने पर सीएम ने आरएसएस पर भी निशाना साधा। कहा कि यह विश्व की सबसे पुरानी जाति की संस्कृति व पहचान को मिटाने कोशिश है।

प्रेसवार्ता के दौरान मुख्यमंत्री उस सवाल पर भावुक हुए जब उनसे पूछा गया कि इस बार राजनांदगांव विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशी बाहरी होगा या स्थानीय? उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष रहते राजनांदगांव में आने की उन्होंने बड़ी कीमत चुकाई। कभी थाने नहीं गई उनकी मां को पुलिस ने थाने में बैठा रखा। घर-संपत्ति की जांच करवाई। झूठे मामले में जेल भेजा गया। वे किसान का बेटे हैंं। डरने वाले नहीं। मुख्यमंत्री बघेल ने डा. रमन सिंह पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वे जब-जब दिल्ली जाते हैं, ईडी-आइटी से कुछ न कुछ कहकर आते हैं। झीरम घाटी कांड को राजनीतिक आपराधिक षडयंत्र बताते हुए कहा कि जब एनआइए ने अपनी जांच पूरी कर ली है तो आगे हमे जांच करने दे।

बिजली बिल के साथ सुरक्षा निधि पर उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। कहा कि जब कोयला महंगा होगा तो बिजली महंगी होगी ही। केंद्र ने अपने मित्रों का कोयला खपाने यह खेल कर रही है। भाजपा जितनी अड़चन डालना चाहे, डाल ले। पत्रकारवार्ता में मुख्यमंत्री ने सरकार की योजनाओं व प्राथमिकताओं की भी जानकारी दी।

 

Social Share

Advertisement