- Home
- breaking
- Chhattisgarh
- परिवार में किसी को मधुमेह या रक्तचाप है तो नियमित करवाएं जांच
परिवार में किसी को मधुमेह या रक्तचाप है तो नियमित करवाएं जांच

हृदय रोगों से बचने के लिए जरूरी है कि हमारी जीवन शैली को अच्छा रखें, सरल रखें।। हमारे भोजन में कम वसा हो, कम तला-गला हो, कम मीठा, कचौरी-नमकीन कम हों। इसके अलावा नियमित व्यायाम भी जरूरी है। प्राणायाम, योगा, सूर्य नमस्कार भी फायदेमंद हैं। हृदय रोगों से बचना है तो हमें अपनी आराम पसंद जीवन शैली को बदलाना होगा। यह बात भी जरूरी है कि हमें अपना वजन नियंत्रित रखना होगा। मधुमेह है तो नियंत्रित करना होगा। परिवार में अगर पहले से किसी को मधुमेह या रक्तचाप है तो ऐसी स्थिति में हमें वर्ष में एक बार अपनी नियमित जांचें करवा लेना चाहिए। तनाव से दूर रहने की कोशिश करें। इसके लिए ध्यान करना चाहिए।
बदलती जीवन शैली के चलते हृदयरोगियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। जरूरी है कि हम हृदयरोग होने से पहले ही सावधानी बरतना शुरू कर दें। अगर परिवार में किसी को पहले से हृदय रोग है तो हमें अतिरिक्त सतर्कता बरतना चाहिए। ऐसे लोगों को चाहिए कि वे नियमित रूप से कोलेस्ट्राल जांच करवाते रहें। हमें युवा अवस्था से ही इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि हमारा भोजन सरल हो। इसमें चर्बी की मात्रा जितनी कम होगी, अच्छा रहेगा। सिगरेट, शराब और तंबाकू का सेवन न ही करें तो बेहतर है।
तनाव कम करने में मदद करता है ध्यान –
जीवन शैली में बदलाव की वजह से तनाव लगातार बढ़ रहा है। हमें योगा और ध्यान की मदद लेना चाहिए। यह वैज्ञानिकी रूप से भी सिद्ध हो चुका है कि ध्यान तनाव कम करने में बहुत मददगार है। जीवन शैली में मामूली बदलाव कर हम हृदयरोगों से बच सकते हैं। आवश्यकता अपने आप में बदलाव लाने की है। खराब जीवन शैली की वजह से अब युवा भी हृदयरोगों का शिकार हो रहे हैं। युवावस्था से ही अगर हम सावधानी बरतने लगेंगे तो आगे जाकर हमें हृदयरोग नहीं होंगे।