- Home
- breaking
- Chhattisgarh
- छत्तीसगढ़ में अब तक 7.37 टन धान खरीदी, 2.26 लाख किसानों को 1566.61 करोड़ रुपये का भुगतान
छत्तीसगढ़ में अब तक 7.37 टन धान खरीदी, 2.26 लाख किसानों को 1566.61 करोड़ रुपये का भुगतान
![]()

रायपुर, 18 नवंबर 2022/ छत्तीसगढ़ में अब तक समर्थन मूल्य पर सात लाख 37 हजार टन धान की खरीदी हुई है। किसान उत्साह के साथ धान खरीदी केंद्रों में पहुंच रहे हैं। धान बेचने के लिए अब उन्हें लंबा इंतजार नहीं करना पड़ रहा है। धान बेचने वाले किसानों को अग्रिम में टोकन दिया जा रहा है। इससे किसानों का धान खरीदने का काम सुविधाजनक ढंग से हो रहा है। धान खरीदी के साथ-साथ लगातार कस्टम मिलिंग के लिए धान का उठाव भी चल रहा है।
एक नवंबर से चालू धान खरीदी सीजन में अब तक लगभग दो लाख 25 हजार 815 किसानों से सात लाख 36 हजार 475 टन धान की खरीदी हुई है। इसके एवज में किसानों को बैंक लिंकिंग व्यवस्था के तहत 1566.61 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
गौरतलब है कि राज्य सरकार द्वारा इस वर्ष 110 लाख टन धान का उपार्जन अनुमानित है। समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए प्रदेश में 25.92 लाख किसानों का पंजीयन हुआ है, जिसमें लगभग 2.18 लाख नए किसान हैं। राज्य में धान खरीदी के लिए 2538 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। इस साल किसानों से सामान्य धान 2040 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान 2060 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जा रहा है।
सीमावर्ती राज्यों से बिक्री के लिए लाए जा रहे धान पर नजर
खाद्य विभाग के सचिव टोपेश्वर वर्मा ने बताया कि 17 नवंबर को 26 हजार 469 किसानों से 85 हजार 46 टन धान और आनलाइन प्राप्त टोकन के जरिए किसानों से 13 हजार 276 टन धान की खरीदी हुई। इसके लिए किसानों को 32 हजार 993 टोकन और टोकन तुंहर हाथ एप द्वारा 4,077 टोकन जारी किए गए थे।
आगामी दिवस की धान खरीदी के लिए राज्य में 39 हजार 963 टोकन और तुंहर हाथ एप के जरिये 5,114 टोकन जारी किए गए हैं। अधिकारी धान खरीदी व्यवस्था पर निरंतर निगरानी रखे हुए हैं। सीमावर्ती राज्यों से अवैध धान के परिवहन को रोकने के लिए चेक पोस्ट के जरिए कड़ी निगरानी रखी जा रही है।