- Home
- breaking
- Chhattisgarh
- NSUI के ट्रेनिंग शिविर में पहुंचे CM भूपेश, पंडित नेहरू के जीवन को बताया प्रेरणादायक
NSUI के ट्रेनिंग शिविर में पहुंचे CM भूपेश, पंडित नेहरू के जीवन को बताया प्रेरणादायक


रायपुर, 15 नवंबर 2022/ रायपुर में NSUI के तीन दिवसीय ट्रेनिंग शिविर में सोमवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी पहुंचे। उन्होंने पंडित जवाहरलाल नेहरू के युवा जीवन पर बातें कीं। सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि आजादी के आंदोलनों में नेहरू जी कम उम्र से ही महात्मा गांधी के साथ जुड़ गए थे।
NSUI प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे के नेतृत्व में उदय नाम का ये ट्रेनिंग शिविर आयोजित किया गया है। इसमें सुबह योगाभ्यास से लेकर दिनभर अलग-अलग तरह के मुद्दों पर चर्चा और छात्र कल्याण के लिए भविष्य की रणनीति बनाई जा रही है। इसमें पूरे प्रदेश भर के एनएसयूआई के पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। साथ ही NSUI के पदाधिकारियों को 2023 के विधानसभा चुनाव के लिए तैयार किया जा रहा है। उन्हें राज्य सरकार की योजनाओं को युवाओं और विद्यार्थियों तक पहुंचाने की ट्रेनिंग दी जा रही है। जिससे वे मजबूती से सरकार का पक्ष लोगों के बीच रख पाएं।
इस शिविर के दूसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में सीएम भूपेश बघेल भी शामिल हुए। उन्होंने अपने भाषण में कहा कि रामकृष्ण परमहंस और विवेकानंद जैसी ही महात्मा गांधी और पंडित जवाहरलाल नेहरू की जोड़ी थी। एक अतीत के मूल्यों को साथ लेकर चलते थे, तो वहीं दूसरे राष्ट्र हित के लिए भविष्य की संभावनाओं को तलाशते थे। जब देश की आजादी के आंदोलनों से महात्मा गांधी और नेहरू जुड़े, तब दोनों युवा थे। एक लंबे संघर्ष के बाद उन्होंने सफलता पाई। सीएम ने कहा कि पंडित नेहरू हमेशा सांप्रदायिक ताकतों से लड़ते रहे।
इस कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम भी शामिल हुए, जिन्होंने एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं को सरकार की विभिन्न योजनाओं को छात्रों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी उठाने को प्रेरित किया। साथ ही कार्यक्रम में पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी, विधायक देवेन्द्र यादव समेत पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
NSUI में मेंबरशिप लॉन्च
कार्यक्रम में सीएम की उपस्थिति में एनएसयूआई ने अपना मेंबरशिप अभियान लॉन्च किया, जिसके माध्यम से स्कूल और महाविद्यालयों में 3 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।