- Home
- breaking
- Chhattisgarh
- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ सर्किट हाउस में अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ सर्किट हाउस में अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली


राजनांदगांव, 16 नवंबर 2022/ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बुधवार को राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ सर्किट हाउस में अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। मुख्यमंत्री के सचिव कोमल सिंह परदेशी ने भी अधिकारियों से विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली। सीएम भूपेश बघेल ने हितग्राहियों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिले, इस बात पर जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया।
सीएम ने कहा कि योजनाओं की राशि हितग्राहियों के खातों में हस्तांतरित होनी चाहिए। राशि आने के बाद भी सचिवों के माध्यम से उन्हें सूचना दी जाए। उन्होंने राजीव गांधी भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना की समीक्षा की और कहा कि सभी पात्र लोगों को इसका लाभ मिलना चाहिए। सीएम ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए हाट बाजार क्लीनिक के संचालन की भी जानकारी ली।
सीएम ने एफसीआई में चावल जमा होने और फोर्टिफाइड चावल के बारे में भी जानकारी ली।उन्होंने शिक्षा विभाग की भी समीक्षा की और कहा कि इसमें बहुत सुधार की जरूरत है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति नियमित होनी चाहिए। अधिक दूर से आने के चक्कर में वे बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान नहीं देते, ऐसा नहीं होना चाहिए।
जिला पंचायत सीईओ ने बताया कि फ्लाई ऐश ब्रिक का कार्य, गुलाल, रंगोली का उत्पादन इन सबके लिए अनुबंध किया जा रहा है। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जो युवा इसमें शामिल होना चाहते हैं, उन्हें जोड़ें। उन्होंने कहा कि गोधन न्याय योजना देश में एक अलग तरह की योजना है, इसका लाभ लोगों को मिले। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कोदो कुटकी के प्रोसेसिंग प्लांट की अगर यहां संभावना है, तो प्लांट लगाया जा सकता है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अधिकारियों से कहा कि सी-मार्ट खोला गया है। जिन वस्तुओं की डिमांड है, उनके उत्पादन को प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने कहा कि पैरादान सबसे ज्यादा जरूरी है। कुछ जगहों पर लोग पैरा जला रहे हैं। हमें यह बताना होगा कि लोग इसे गौठनों में दान करें। गौठान में जो नहीं हो रहा है, वह रीपा में कराएं। रीपा अलग तरह की योजना है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इस योजना को ले जाना है। अपने दायरे को बढ़ाकर लाभ लें। उन्होंने ये भी कहा कि दंतेवाड़ा में 4 डेनेक्स संचालित हैं, जिन्हें अच्छा मार्केट मिल गया है। ढेंकी का चावल फेमस हो रहा है, इसे और बढ़ावा दिया जाए।