7 दिसंबर से शुरु हो सकता है संसद का शीतकालीन सत्र, राहुल गांधी नहीं होंगे शामिल


12 नवंबर 2022/ दिसंबर के पहले हफ्ते में संसद का शीतकालीन सत्र शुरु होनेवाला है। लेकिन इस बात की संभावना कम ही है कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी इस सत्र में शामिल हो सकेंगे। कांग्रेस पार्टी के कम्युनिकेशन इंचार्ज जयराम रमेश ने बताया कि राहुल गांधी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की वजह से शीतकालीन सत्र में शामिल नहीं हो सकेंगे। उन्होंने बताया कि संसद के शीत सत्र के लिए राहुल गांधी अपने भारत जोड़ो यात्रा को बीच में नहीं छोड़ सकते। वैसे कांग्रेस का सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख जारी रहेगा। कांग्रेस नेता ने जातिगत जनगणना और आरक्षण पर भी पार्टी का रुख स्पष्ट किया।
कब शुरु होगा शीतकालीन सत्र?
आमतौर पर संसद का शीतकालीन सत्र हर साल नवंबर महीने के तीसरे सप्ताह के आस-पास शुरू होता है, लेकिन इस बार यह सत्र दिसंबर के महीने में शुरू होने जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, इस बार शीतकालीन सत्र 7 दिसंबर से शुरू होगा और 29 दिसंबर तक चलने की संभावना है। हालांकि, संसद के शीतकालीन सत्र की तारीखों को लेकर अंतिम और औपचारिक फैसला संसदीय मामलों की कैबिनेट समिति को ही करना है। दरअसल, 1 दिसंबर महीने के पहले सप्ताह में 1 दिसंबर और 5 दिसंबर को गुजरात में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग होनी है। इस वजह से संभावना जताई जा रही है कि इस बार संसद का शीतकालीन सत्र गुजरात में वोटिंग के बाद यानी 7 दिसंबर से शुरू किया जा सकता है। हालांकि, इसे लेकर अंतिम फैसला और आधिकारिक ऐलान होना अभी बाकी है।
राहुल की भारत जोड़ो यात्रा
राहुल की अगुवाई में कांग्रेस की पदयात्रा पिछले 6 दिनों से महाराष्ट्र में है और इसके बाद उनकी यात्रा मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी। 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई कांग्रेस की यात्रा अपने 150वें दिन जम्मू कश्मीर पहुंचने की उम्मीद है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में जारी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ महाराष्ट्र में अपने छठे दिन यानी शनिवार की सुबह हिंगोली जिले के शेवला गांव से फिर शुरू हुई है। पदयात्रा के दौरान महाराष्ट्र के पांच जिलों में 382 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी।
तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई यह यात्रा अब तक छह राज्यों के 28 जिलों से होकर गुजरी है। लगभग 150 दिन की इस यात्रा के दौरान 3,570 किमी की दूरी तय की जाएगी। जम्मू-कश्मीर में समाप्त होने से पहले यह 12 राज्यों से होकर गुजरेगी। 20 नवंबर को यह मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी।